देहरादून। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राष्ट्रव्यापी 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत उत्तराखंड में आयोजित होने वाले सभी 11 प्रमुख कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार कर ली है। पार्टी नेतृत्व ने अभियान को धरातल पर उतारने के लिए प्रदेश के कैबिनेट मंत्रियों और वरिष्ठ संगठन पदाधिकारियों को संयोजकों एवं सह-संयोजकों की जिम्मेदारी सौंप दी है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से उत्तराखंड में भाजपा का राष्ट्रव्यापी ‘सेवा संकल्प अभियान’ शुरू होगा। एक माह तक चलने वाले इस अभियान के तहत प्रदेश में 11 प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। भाजपा ने इन कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए कैबिनेट मंत्रियों और पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों की जिम्मेदारियां तय कर दी हैं। अभियान के जरिए सेवा, समर्पण और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों को प्रदेशभर में व्यापक स्तर पर आयोजित किया जाएगा। भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की सहमति से अभियान के प्रदेश प्रभारी कुंदन परिहार ने सभी कार्यक्रमों की जिम्मेदारियां निर्धारित की हैं। उन्होंने बताया कि यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा और समर्पण के 25 वर्षों की यात्रा से भी जोड़ा गया है। अभियान के दौरान जिला और मंडल स्तर पर कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। इन कार्यशालाओं के बाद स्थानीय स्तर पर कार्यक्रमों के संचालन के लिए आयोजन टोलियों का गठन किया जाएगा। पार्टी ने अभियान के प्रमुख कार्यक्रमों की जिम्मेदारी प्रदेश सरकार के मंत्रियों को दी है। ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम के संयोजक कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा होंगे, जबकि राकेश नैनवाल को सह संयोजक बनाया गया है। वहीं ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों’ कार्यक्रम की जिम्मेदारी कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत को संयोजक और कुंदन लटवाल को सह संयोजक के रूप में दी गई है। इसी क्रम में ‘आंगन का उत्सव’ कार्यक्रम की कमान कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य और हिमानी वैष्णव संभालेंगी। ‘सेवा ज्योति यात्रा’ के संयोजक कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा होंगे, जबकि विपिन मैंदोली सह संयोजक की भूमिका निभाएंगे। भाजपा ने ‘राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज’ की जिम्मेदारी कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक को सौंपी है। उनके साथ भुवन जोशी सह संयोजक के तौर पर अभियान को आगे बढ़ाएंगे। इसके अलावा ‘नमो सेवा गाथा’, ‘कहानी बदलाव की’, ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’ और ‘सेवा सेतु अभियान’ समेत अन्य कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। अभियान में पार्टी संगठन के साथ सरकार के मंत्रियों की सक्रिय भागीदारी तय की गई है। भाजपा का प्रयास है कि कार्यक्रमों को केवल प्रदेश स्तर तक सीमित न रखते हुए जिला, मंडल और स्थानीय स्तर तक पहुंचाया जाए। इसके लिए संगठनात्मक तैयारियों को गति देने के साथ कार्यकर्ताओं को कार्यक्रमों की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन से शुरू होने वाला यह अभियान एक महीने तक चलेगा। भाजपा के लिए यह अभियान संगठनात्मक सक्रियता बढ़ाने के साथ सेवा गतिविधियों को जनता के बीच ले जाने का भी बड़ा अवसर माना जा रहा है। कार्यक्रमों के जरिए पार्टी केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों तथा सेवा कार्यों को भी लोगों तक पहुंचाने की तैयारी में है।

