हर्ष वालिया पर हमले का पूरा घटनाक्रम: सीसीटीवी में आई-20 कार की रफ्तार ने सबको चौंकाया

Blog
 Image

देहरादून। राजधानी के पटेल नगर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार शाम सनसनीखेज वारदात सामने आई है। उत्तराखंड भाजपा युवा मोर्चा के मंडल उपाध्यक्ष हर्ष वालिया पर जानलेवा हमला कर उन्हें पिस्टल की नोक पर अगवा करने का प्रयास किया गया। हमलावरों ने पहले कार से उनकी बाइक को टक्कर मारी और फिर जबरन गाड़ी में डालने की कोशिश की। पुलिस ने 4 नामजद समेत 7 आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास और अपहरण की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, नयागांव चंद्रबनी निवासी 26 वर्षीय हर्ष वालिया (भाजयुमो मंडल उपाध्यक्ष) 20 अप्रैल की शाम करीब 4 बजे गौतम कुंड स्थित एक कैफे से लौट रहे थे। तभी पीछे से आई एक तेज रफ्तार आई-20 कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि हर्ष सड़क पर गिर गए और उनकी बाइक क्षतिग्रस्त हो गई, वहीं पास के एक मकान की दीवार भी ढह गई। हर्ष के संभलने से पहले ही कार सवार युवकों ने उतरकर उनके सिर पर पिस्टल तान दी। इसी बीच एक दूसरी कार भी वहां पहुंची, जिससे उतरे अन्य युवकों ने हर्ष को जबरन गाड़ी के भीतर खींचने का प्रयास किया। पीड़ित हर्ष वालिया ने बताया कि हमलावरों ने उनके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। शोर मचाने पर जब आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े, तो हर्ष मौका पाकर पास की एक दीवार फांदकर वहां से भाग निकले। इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें वारदात की भयावहता साफ देखी जा सकती है। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घटना में शामिल एक कार को कब्जे में ले लिया। पीड़ित के अनुसार, कुछ दिन पहले क्लेमेंटटाउन थाने में किसी मामले को लेकर उनकी कुछ युवकों से कहासुनी हुई थी, जहाँ उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई थी। हर्ष ने इस हमले के पीछे हार्दिक शर्मा, अभिषेक वर्मा, अभिनव काकरान और चेतन्य शर्मा को नामजद किया है। पटेल नगर कोतवाली प्रभारी विनोद गुसाईं ने बताया कि हर्ष वालिया की तहरीर के आधार पर चार नामजद और तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। इस घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है।