धामी सरकार का बड़ा फैसला: राज्य के दोनों मंडलों में होंगे उत्तराखण्ड अन्य पिछड़ा वर्ग कल्याण बहुउद्देशीय भवन/सामुदायिक भवन का निर्माण

Blog
 Image

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के दोनों मंडलों गढ़वाल और कुमाऊं में उत्तराखण्ड अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) कल्याण बहुउद्देशीय भवन/सामुदायिक भवन निर्माण के निर्देश दिए हैं। सचिवालय में आयोजित उत्तराखण्ड अन्य पिछड़ा वर्ग आयोग की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट रूप से कहा कि इन भवनों के निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाए।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि प्रस्तावित भवनों में बैंक्वेट हॉल, गेस्ट हाउस, सभागार, प्रशिक्षण कक्ष, बैठक कक्ष सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएं। इन बहुउद्देशीय भवनों का उद्देश्य सामाजिक, शैक्षिक और प्रशासनिक गतिविधियों के संचालन के लिए एक सशक्त मंच उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों को भवनों की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) शीघ्र तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए। बैठक में मुख्यमंत्री ने ओबीसी बाहुल्य क्षेत्रों में राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाए जाएं और विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए। योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए नियमित समीक्षा और निगरानी सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि लाभार्थियों से प्राप्त फीडबैक के आधार पर योजनाओं में आवश्यक सुधार किए जाएं, ताकि योजनाओं का लाभ अधिक प्रभावी ढंग से जरूरतमंदों तक पहुंचे। उन्होंने दोहराया कि राज्य सरकार समाज के सभी वर्गों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और ओबीसी वर्ग के उत्थान हेतु शिक्षा, कौशल विकास, स्वरोजगार और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। बैठक में ओबीसी आयोग के अध्यक्ष संजय नेगी, प्रमुख सचिव आरके सुधांशु समेत कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।