govt-ads

ग्रेटर नोएडा में एक घर में परिवार के पांच सदस्य मृत मिले

Blog
 Image

ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। रबूपुरा कोतवाली क्षेत्र के नगला श्रीपदम गांव में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतकों में पति-पत्नी और उनके तीन मासूम बच्चे शामिल हैं। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और मृतक परिवार के घर के बाहर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। प्रथम दृष्टया मामला फूड पॉइजनिंग से जुड़ा होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि मौतों के वास्तविक कारणों की अभी पुष्टि नहीं हुई है। मृतकों की पहचान महेश उनकी पत्नी ललिता बेटे लड्डू और बेटियों मिष्टी व साक्षी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि परिवार के सदस्यों ने रात में नूडल्स खाए थे और इसके बाद सभी सो गए। सुबह काफी देर तक परिवार के सदस्यों के नहीं उठने पर लोगों को शक हुआ। जब स्थिति का पता चला तो पांचों की मौत की जानकारी सामने आई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, वरिष्ठ अधिकारी, एंबुलेंस और खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम मौके पर पहुंची। फील्ड यूनिट और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मृतकों के शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया पूरी की। जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह और एसीपी जेवर भी मौके पर पहुंचे। पुलिस के मुताबिक, आसपास के लोगों और महेश की मां से मिली जानकारी में सामने आया है कि परिवार ने रात में नूडल्स का सेवन किया था। इसी आधार पर शुरुआती जांच में फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और खाद्य पदार्थों समेत अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों की जांच से मौतों की असली वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है। फिलहाल इस घटना से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।