दिल्ली में कर्तव्य भवन की बैठक: सीएम धामी ने पेट्रोलियम मंत्री के सामने रखे महत्वपूर्ण तथ्य

Blog
 Image

देहरादून। केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री की पावन यात्रा पर आए लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एक्शन मोड में हैं। दिल्ली दौरे पर रहे सीएम धामी ने केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी से मुलाकात कर उत्तराखंड के लिए व्यावसायिक (कमर्शियल) एलपीजी सिलेंडरों की निर्बाध आपूर्ति का मुद्दा उठाया। सीएम ने आग्रह किया कि यात्रा सीजन के दौरान राज्य को 100 प्रतिशत एलपीजी कोटा मिले, ताकि पर्यटन आधारित अर्थव्यवस्था और तीर्थयात्रियों को किसी भी तरह की असुविधा न हो।

नई दिल्ली स्थित कर्तव्य भवन में हुई इस उच्चस्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड की विषम भौगोलिक परिस्थितियों का हवाला दिया। उन्होंने बताया कि अप्रैल से नवंबर तक चलने वाली चारधाम यात्रा में देश-विदेश से श्रद्धालु उमड़ते हैं, जिससे गैस की मांग कई गुना बढ़ जाती है। राज्य को इस अवधि में लगभग 9 लाख 67 हजार 949 कमर्शियल सिलेंडरों की आवश्यकता होती है। इसके साथ ही, मानसून के दौरान आने वाली संभावित प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए राहत कार्यों हेतु 5 प्रतिशत (करीब 48,397 सिलेंडर) का अतिरिक्त बफर स्टॉक आवंटित करने का भी अनुरोध किया गया। मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया कि उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था मुख्यतः पर्यटन और तीर्थाटन पर टिकी है। चारधाम यात्रा न केवल राज्य की सांस्कृतिक पहचान है, बल्कि हजारों स्थानीय लोगों के रोजगार का जरिया भी है। केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी ने सीएम धामी के प्रस्तावों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए आश्वासन दिया कि केंद्र सरकार उत्तराखंड के हितों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।गौरतलब है कि 19 अप्रैल से शुरू हुई यात्रा में अब तक 2 लाख 97 हजार से ज्यादा श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। अकेले 26 अप्रैल को रिकॉर्ड 59 हजार श्रद्धालुओं ने अपनी हाजिरी लगाई। प्रतिदिन औसतन 50 हजार से अधिक लोग धामों में पहुंच रहे हैं, जिससे स्थानीय संसाधनों पर दबाव बढ़ा है। दिल्ली प्रवास के दौरान सीएम धामी ने प्रसिद्ध अभिनेत्री और सांसद हेमा मालिनी से भी मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने वाले अंब्रेला ब्रांड 'हाउस ऑफ हिमालयाज' के उपहार उन्हें भेंट किए। सीएम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर इसकी जानकारी साझा करते हुए राज्य के स्थानीय उत्पादों की वैश्विक ब्रांडिंग पर जोर दिया।