उत्तरकाशी पोस्ट।
जनपद में सुबह से मूसलाधार बरिश का सिलसिला जारी है। बारिश के कारण यमुनोत्री और गंगोत्री धाम की यात्रा भी प्रभावित हो रही है। यमुनोत्री हाईवे पर ओजरी-डबरकोट के पास भूस्खलन के कारण जिला प्रशासन ने यमुनोत्री धाम की यात्रा फिलहाल पालीगाड के पास रोक दी है। वहीं बंदरकोट और धरासू बैंड के पास गंगोत्री हाईवे पर रुक-रुक कर मलबा और बोल्डर गिर रहे हैं। जिला प्रशासन ने चारधाम यात्रा पर आये तीर्थयात्रियों से बारिश के बीच सफर न कर सुरक्षित स्थानों पर रुकने की सलाह दी है।
यमुनोत्री हाईवे पर तेज बारिश के कारण ओजरी-डबरकोट के पास अचानक पहाड़ी से भूस्खलन सक्रिय हो गया। यहां जब भूस्खलन शुरु हुआ तो उस समय यहां से तीर्थयात्री वाहन गुजर रहे थे। हालांकि तीर्थयात्री वाहन मलबा और बोल्डर की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए। ओजरी-डबरकोट के पास लगातार भूस्खलन होने के कारण यमुनोत्री हाईवे अभीतक वाहनों की आवाजाही के लिए नहीं खुल सका है। यमुनोत्री हाईवे न खुलने तक जिला प्रशासन ने पालीगाड के पास तीर्थयात्री वाहनों को रोक दिया है। गंगोत्री हाईवे पर भी धरासू बैंड और बंदरकोट पास बारिश के कारण भूस्खलन सक्रिय हो गया है। हालांकि इन दोनों स्थानों पर यात्री वाहन जोखिम के साथ आवाजाही कर रहे हैं।