उत्तरकाशी पोस्ट।
यमुनोत्री राजमार्ग पर खरादी में तेज हवा और बारिश के कारण एक दर्दनाक हादसा हो गया। आंधी के कारण पहाड़ी से गिरा पेड़ होटल के कमरे में घुस गया। पेड़ की चपेट में आने से एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि एक महिला घायल हो गई। पेड़ गिरने के कारण यमुनोत्री हाईवे भी करीब कुछ देर तक बंद रहा।
आज बृहस्पतिवार शाम को करीब एक घंटे चली आंधी व बारिश खरादी में एक महिला की मौत बनकर टूटी है। खरादी में एक चीड़ का पेड़ टूटकर पहले यमुनोत्री हाईवे पर गिरा। उसके बाद तेजी के साथ होटल के रिसेप्शन को तोड़ता हुआ कमरे में घुसा। पेड़ सीधा होटल के कमरे में बैठी ऐलम देई पत्नी प्यारचंद सिंह चौहान उम्र 55 वर्ष के सीने से जा टकराया। जिससे उसकी मौके मौत हो गई। वहीं उनके साथ कमरे में मौजूद ऐलम देई की बहू अदिती चौहान उम्र 26 वर्ष के पैरों में गंभीर चोटेें आई। जिसे उपचार के लिए सीएचसी बड़कोट भेजा गया है। पेड़ गिरने के कारण यमुनोत्री हाईवे करीब आधे घंटे बंद रहा। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस और एसडीआरएफ ने पेड़ को काटकर हाईवे पर यातायात सुचारू करवाया। इस दौरान यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोका गया।