कार्यकर्ता ही भाजपा की असली पहचान, रायपुर सम्मेलन में मुख्यमंत्री धामी ने कार्यकर्ताओं का मान बढ़ाया

Blog
 Image

देहरादून। राजधानी के नेहरू कॉलोनी क्षेत्र में आयोजित 'रायपुर विधानसभा सम्मेलन 2026' के मंच से भारतीय जनता पार्टी ने अपनी संगठनात्मक शक्ति का प्रदर्शन किया। सम्मेलन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कांग्रेस में शामिल हो रहे नेताओं पर तीखा प्रहार किया। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि जो लोग कांग्रेस का दामन थाम रहे हैं, वे पहले से ही भाजपा से निष्कासित थे या सक्रिय राजनीति से बाहर थे।
 सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का स्वागत बेहद अनूठे अंदाज में किया गया। उन्हें 'धाकड़ धामी' और 'धुरंधर धामी' की संज्ञा देते हुए क्रिकेट का बल्ला भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक उमेश शर्मा काउ ने की, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल मौजूद रहे। इस दौरान पन्ना प्रमुखों और बूथ अध्यक्षों की भारी भीड़ ने आगामी चुनावी तैयारियों की झलक पेश की।

हाल के दिनों में पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, भीमलाल आर्य, नारायण पाल, पूर्व मेयर गौरव गोयल, लखन सिंह और अनुज गुप्ता जैसे नेताओं के कांग्रेस में शामिल होने पर भाजपा ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस अब राजनीति के 'फ्यूज बल्बों' को इकट्ठा करने का केंद्र बन गई है। उन्होंने दावा किया कि इन नेताओं के जाने से भाजपा के कैडर और संगठन की मजबूती पर रत्ती भर भी प्रभाव नहीं पड़ेगा। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता ही सरकार की योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने का असली सेतु है। उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। आज हमारा राज्य कई राष्ट्रीय सूचकांकों में अग्रणी बन चुका है, और इसका श्रेय हमारे अनुशासित संगठन और समर्पित कार्यकर्ताओं को जाता है। सम्मेलन में एसआईआर (SIR) प्रशिक्षण के तहत केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। पदाधिकारियों को निर्देश दिए गए कि वे हर बूथ पर जाकर जनता को सरकार की उपलब्धियों से अवगत कराएं। भाजपा नेतृत्व ने साफ किया कि आगामी चुनावों में पार्टी कार्यकर्ताओं के परिश्रम के दम पर और भी बड़े बहुमत के साथ मैदान में उतरेगी। मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे विपक्ष के भ्रामक प्रचार का जवाब विकास कार्यों और मजबूत संवाद से दें।