उत्तरकाशी।
गंगोत्री हिमालय क्षेत्र में मेरु पर्वत पर पर्वतारोहियों के दल ने सीजन का पहला सफल आरोहण किया। दल में तीन विदेशी पर्वतारोहियों शामिल थे। आरोहण के बाद दल तपोवन लौटा आया है।
स्नो स्पाइडर ट्रैकिंग एजेंसी के माध्यम से दल सदस्य 22 अप्रैल को गंगोत्री से मेरु पर्वत के आरोहण के लिए रवाना हुए थे। मेरु पर्वत की ऊंचाई समुद्रतल से 6450 मीटर है। पर्वतारोही दल में फ्रांस के मैथ्यू बर्नार्ड, स्विट्जरलैंड के रोजर शैली, इटली के साइमन गीतल शामिल थे। मौसम खराब होने के कारण दल को मई प्रथम सप्ताह तक भोजबासा में ही रुकना पड़ा। मौसम खुलने के बाद दल ने अभियान शुरू किया। इस बीच दल को 4000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का सामना करना पड़ा। लेकिन तमाम दुश्वारियों के बीच तीनों विदेशी पर्वतारोहियों ने मेरु पर्वत पर बीते 13 मई को सफल आरोहण किया। गंगोत्री ग्लेशियर क्षेत्र में इस सीजन में सफल आरोहण करने वाला यह पहला दल है। पर्वतारोहियों का दल तपोवन पहुंच चुका है, जो आज गंगोत्री पहुंचेगा।