उत्तरकाशी।
पुलिस ने चरस तस्करी के आरोप में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों से एक किलो से अधिक चरस भी बरामद की गई। पुलिस ने बताया कि आरोपी माघ मेले में चरस बेचने की फिराक में थे। पुलिस ने अभीतक 24 घंटों के भीतर चरस तस्करी के आरोप में 6 तस्करों को गिरफ्तार कर 3 किलो से अधिक चरस बरामद कर चुकी है।

आज शुक्रवार को एसपी अर्पण यदुवंशी ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन के तहत जनपद में युद्घस्तर पर अभियान चलाया जा रहा है। बीते 24 घंटों में 6 चरस तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। जिनसे करीब 10 लाख की चरस बरामद की गई है।
गत गुुरुवार देर रात को नियमित चैकिंग के दौरान मनेरी पुलिस ने गंगोत्री हाईवे पर ओंगी बैंड के समीप संदिग्ध रूप से घूम रहे दो व्यक्तियों को रोका। पुलिस के रोकने पर दोनों सकपका गए। तलाशी लेने पर दोना व्यक्तियों से चरस बरामद हुई। तोले जाने पर चरस 1 किलो 55 ग्राम निकली। जिसकी बाजार में कीमत करीब 4 लाख बताई जा रही है। एसपी अर्पण यदुवंशी ने बताया कि दोनों व्यक्तियों की पहचान विक्रम सिंह निवासी ग्राम सालू तथा गजेंद्र सिंह निवासी ग्राम जौड़ाऊ के रूप में हुई। उक्त दोनों माघ मेले में चरस बेचने की फिराक में थे। एसपी यदुवंशी ने बताया कि दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार किया गया है। दोनों के आपराधिक इतिहास के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।