उत्तरकाशी पोस्ट, नई दिल्ली।
पीएम नरेंद्र मोदी की मां हीराबेन मोदी नहीं रही। आज शुक्रवार सुबह पीएम नरेंद्र मोदी की आधिकारिक ट्विटर हैंडल के जरिए यह जानकारी दी गई। पोस्ट में लिखा गया, शानदार शताब्दी का ईश्वर चरणों में विराम… मां में मैंने हमेशा उस त्रिमूर्ति की अनुभूति की है, जिसमें एक तपस्वी की यात्रा, निष्काम कर्मयोगी का प्रतीक और मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध जीवन समाहित रहा है। मैं जब उनसे 100वें जन्मदिन पर मिला तो उन्होंने एक बात कही थी, जो हमेशा याद रहती है कि काम करो बुद्धि से और जीवन जियो शुद्धि से ।

जानकारी के अनुसार, 99 वर्षीय हीराबा का आज सुबह निधन हो गया। यूएन मेहता अस्पताल के एक बयान में कहा गया है, ‘हीराबा मोदी का निधन शुक्रवार तड़के (30 दिसंबर) 3.30 बजे (सुबह) इलाज के दौरान हुआ। पीएम मोदी अहदाबाद के लिए रवाना हो चुके हैं। गौरतलब है कि अभी तक मिली जानकारी के अनुसार, पीएम मोदी के आज के कार्यक्रम को रद नहीं किया गया है।
हीराबा के निधन पर देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शोक जताया है। इसके अलावा, हीराबेन मोदी के निधन पर गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी दुख जताया है।
कुछ दिनों से बीमार चल रहीं थी हीराबा
बता दें कि हीराबेन मोदी (99 वर्ष) की बुधवार सुबह तबियत खराब हो गई। उन्हें तत्काल अहमदाबाद के सरकारी अस्पताल यूएन मेहता में भर्ती कराया गया। इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी दोपहर दिल्ली से सीधे अहमदाबाद के यूएन मेहता अस्पताल पहुंचे। वह यहां माताजी के पास डेढ़ घंटा रुककर हालचाल
जानने व उनके स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद शाम को दिल्ली लौट आए थे।
बता दें कि हीराबा ने इस साल जून में ही अपना 100वां जन्मदिन मनाया था। उनके 100वें जन्मदिन पर पीएम मोदी ने एक विशेष पत्र भी लिखा था।