उत्तरकाशी।
जीआईसी भंकोली में तैनात सहायक अध्यापक शंभूप्रसाद नौटियाल का चयन उत्कृष्ट विज्ञान शिक्षक पुरस्कार के लिए हुआ है। उन्हें यह पुरस्कार उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद्(यूकॉस्ट) व राष्ट्रीय विज्ञान अकादमी(उत्तराखंड अध्याय) की ओर से प्रदान किया जाएगा।

यूकॉस्ट के महानिदेशक प्रो.दुर्गेश पंत की ओर से जारी पत्र में सहायक अध्यापक शंभूप्रसाद नौटियाल के उत्कृष्ट विज्ञान शिक्षक पुरस्कार 2022 के लिए चयन की सूचना दी गई। पत्र में उन्होंने बताया कि यूकॉस्ट की ओर से 10 फरवरी को प्रातः 9 बजे से विज्ञान धाम झाजरा में 17 वीं उत्तराखंड राज्य विज्ञान कांग्रेस 2023 का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें विज्ञान के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले विज्ञान शिक्षकों को उत्कृष्ट विज्ञान शिक्षक पुरस्कार से नवाजा जाएगा। इधर, सहायक अध्यापक शंभूप्रसाद के उत्कृष्ट विज्ञान शिक्षक पुरस्कार के लिए चयन पर जीआईसी भंकोली के प्रधानाचार्य कामदेव पंवार ने खुशी जताते हुए इसे विद्यालय के साथ जनपद गौरव का विषय बताया।