उत्तरकाशी।
बड़कोट के राना गांव में तीन आवासीय मकानों में भीषण आग लग गई। जबकि एक मकान आंशिक रुप से प्रभावित हुआ। पुलिस व दमकल की टीम घटना स्थल पर पहुंची। जिसने ग्रामीणों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक मकानों में रखा खाद्यान्न व अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो चुका था। गनीमत रही कि भीषण अग्निकांड में किसी तरह की जन व पशुहानि नहीं हुई।

विकासखंड नौगांव गीठ पट्टी के राना गांव गत सोमवार देररात करीब डेढ़ बजे लकड़ी व पत्थर से निर्मित पुराने आवासीय मकानों में आग धंधक उठी। देखते ही देखते आग ने तीन मकानों को अपनी चपेट में ले लिया। इन मकानों में रह रहे लोगों ने किसी तरह भाग कर अपनी जान बचाई। इस दौरान गांव के लोगों ने आग बुझाने के प्रयास किए। पुलिस व दमकल की टीम नेेे गांव वालों के साथ कड़ी मशक्कत कर किसी तरह आग पर काबू पाया और आग को अन्य मकानों में फैलने से रोक लिया गया। अग्निकांड में गांव के राजेंद्र सिंह, सोवेंदर सिंह व भरत सिंह का मकान जल कर राख हुआ है। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। लेकिन शॉर्ट सर्किट को भी आग लगने का कारण बताया जा रहा है। यमुनोत्री विधायक संजय डोभाल ने अग्निकांड प्रभावितों को शासन स्तर से हर संभव मदद दिलाने का भरोसा दिलया है। एसडीएम देवानंद शर्मा ने बताया कि तहसीलदार को मौके पर भेजा गया है। रिपोर्ट के आधार पर तत्काल आर्थिक सहायता,कंबल, तिरपाल आदि दी जाएगी।