उत्तरकाशी।
जनपद में साइबर ठग हर दिन नए तरीकों से लोगों को अपना शिकार बना रहे हैं। अब ठगों ने एक नया तरीका निकाला है। व्हटसएप पर लिंक भेज साइबर ठग बैंक खातों से रकम उड़ा रहे हैं।

आज ताजा मामला धरासू थाना क्षेत्र का है। यहां पीपल मंडी निवासी एक महिला के व्हटसएप नंबर पर बीते 27 जून से 1 जुलाई तक लगातार कुछ लिंक आ रहे थे। महिला इन लिंकों को खोल रही थी। कुछ दिन बाद महिला को पता चला कि उसके दो बैंक खातों से 182725 रुपये उड़ा दिए गए हैं। साइबर ठगों ने अलग-अलग समय पर दोनों बैंक खातों से रुपये निकाले हैं और खरीददारी की है। महिला का व्हटसएप नंबर बैंक खातों से भी जुड़ा हुआ था। पीड़ित महिला ने इस संबंध में थाना धरासू में शिकायत दर्ज कराई है। प्रभारी निरीक्षक दिनेश कुमार ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर आईटी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।