उत्तरकाशी।
जनपद मुख्यालय समेत विभिन्न स्थानों पर गांधी जयंती धूमधाम से मनाई गई। प्रभारी डीएम गौरव कुमार ने राष्ट्रीय पिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यापर्ण व पुष्पांजलि देकर श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों, कर्मचारियों एवं छात्रों द्वारा महानुभावों को याद कर उनके बताए रास्तो पर चलने का संकल्प लिया। इस मौके पर प्रभारी डीएम गौरव कुमार ने गांधी जी के जीवन, संघर्ष, उनकी देश सेवा, जीवन मूल्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि देश आज 152 वीं गांधी जयंती मना रहा हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्र पिता महात्मा गांधी ने देश को अंग्रेजों के चंगुल से मुक्त कराने में अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने अपने सत्य और अहिंसा के सिद्धांत के दम पर अंग्रेजों को कई बार घुटने टेकने पर मजबूर किया। पूरी दुनिया ने उनके अहिंसा के सिद्धांत को सलाम किया। यही वजह है कि पूरी दुनिया इस दिन को अंतर्राष्ट्रीय अहिंसा दिवस के रूप में मनाती है। प्रभारी डीएम ने मताधिकार का प्रयोग करने को लेकर समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मतदाता प्रतिज्ञा की शपथ भी दिलाई। इस मौके पर एडीएम तीर्थपाल, जिला पूर्ति अधिकारी मनोज सोनी आदि बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद। उधर डुंडा, भटवाड़ी, चिन्यालीसौड़, बड़कोट, पुरोला, नौगांव व मोरी में विभिन्न सरकारी और गैर सरकारी कार्यालयों में ध्वजारोहण के साथ गांधी जयंती मनाई गई। इस अवसर पर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। इस दौरान कार्यक्रम में शामिल लोगों ने गांधी जी के बताए रास्तों पर चलने का संकल्प लिया।