उत्तरकाशी।
विजयदशमी के पावन पर विश्व प्रसिद् गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट बंद होने का समय तय किया गया। गंगोत्री धाम के कपाट 26 अक्टूबर को अन्नकूट के पावन पर्व बंद किए जाएंगे। वहीं यमुनोत्री धाम के कपाट भैयादूज के पावन पर्व 27 अक्टूबर को बंद होंगे।

श्री पांच गंगोत्री मंदिर समिति के अध्यक्ष रावल हरीश सेमवाल ने बताया कि पचांग देखकर शीतकाल के लिए होने वाली कपाटबंदी का समय तय किया गया। उन्होंने कि गंगोत्री धाम के कपाट 26 अक्टूबर को अन्नकूट पर्व पर 12 बजकर 1 मिनट पर शीतकाल के लिए बंद किए जाएंगे। धाम से मां गंगा की उत्सव डोली यात्रा 12 बजकर 5 मिनट पर अपने शीतकालीन पड़ाव व मायके मुखबा के लिए रवाना होगी। शीतकाल के छह माह मां भगवती गंगे की उत्सव डोली मुखबा स्थित गंगा मंदिर में विराजमान रहेगी।
यमुनोत्री धाम में भी बुधवार को विजयदशमी पर्व पर पुरोहित समाज ने यमुनोत्री धाम के कपाट बंद होने की तिथि तय की। पुरोहित महासभा के अध्यक्ष पुरुषोत्तम उनियाल ने बताया कि यमुनोत्री धाम के कपाट 27 अक्टूबर को भैया दूज के पर्व पर 12ः09 बजे सर्व सिद्धि योग और अभिजीत मुर्हूत में बंद किए जायेंगे। मां यमुना की डोली अपने शीतकालीन पड़ाव खरसाली के लिए प्रस्थान करेगी।इस मौके पर सुरेश उनियाल, राजस्वरुप, लखन उनियाल, अमित उनियाल, प्यारेलाल, सच्चिदानंद चक्रधर, भागेश्वर आदि मौजूद रहे।