उत्तरकशी।
जिला निर्वाचन विभाग ने मतदान की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली हैं। शुक्रवार को उत्तरकाशी से पोलिंग बूथों के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना होगी। जिला निर्वाचन अधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि रवानगी स्थल पर व्यवस्थाओं के लिए हेल्प डेस्क काउण्टर बनाया गया है। जिसमें रजिस्ट्रेशन केन्द्र, माईक्रो प्रेक्षक केन्द्र , चुनाव ड्यूटी में लगे कार्मिकों के मतदान हेतु विधानसभावार डाक मतपत्र सहायता केन्द्र, स्वास्थ्य सुविधा केन्द्र, आपदा प्रबन्धन केन्द्र, कार्मिकों हेतु भोजन व्यवस्था पण्डाल, रिजर्व पार्टी केन्द्र, मतदान कार्मिकों हेतु धनराशि वितरण केन्द्र, परिवहन व्यवस्था केन्द्र आदि शामिल हैं। उन्होंने बताया कि रवानगी स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था भी चाक चौबन्द की गयी है। जिलाधिकारी ने बताया कि जिला प्रशासन का लक्ष्य भयमुक्त माहौल में मतदान कार्यक्रम सम्पन्न कराना है जिस हेतु जनपदभर में सभी व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली गयी हैं। इसके साथ ही त्रुटिविहीन, सुचारु, निष्पक्ष एवं पारदर्शी मतदान कार्यक्रम कराये जाने हेतु भी जनपद में सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गयी हैं। उन्होंने बताया कि जनपद के 50 प्रतिशत बूथों की वेबकास्टिंग की व्यवस्था, जनपद के चिहन्त स्थानों पर सखी बूथों, दिव्यांग बूथों व आदर्श बूथों सहित अन्य सभी बूथों पर दिव्यांग मतदाताओं एवं गर्भवती महिला मतदाताओं हेतु डोली, व्हील चेयर सहित अन्य सभी व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली गयी हैं।
