इसी माह 30 अप्रैल तक पूरा होगा फोल्डिंग ब्रिज का निर्माण।
उत्तरकाशी।
यमुनोत्री धाम में यमुना नदी पर फोल्डिंग ब्रिज का निर्माण कार्य शुरू हो गया है, फोल्डिंग ब्रिज का कार्य 30 अप्रैल तक पूरा किया जाएगा। पूर्व में यमुनोत्री धाम में यमुना नदी पर तख्ते रख कर तीर्थयात्री नदी पार स्नान, ध्यान व धूप सेकने जाते थे। शौचालय भी उसी तरफ होने से तीर्थयात्री जान जोखिम में डालकर काम चलाऊ पुलिया से आवाजाही करते थे। यमुनोत्री धाम में रसोई घर के पास और यमुना नदी के मुहाने पर हमेशा से लकड़ी के तख्ते रखकर श्रद्धालु यमुना नदी को पार करते थे। लेकिन अब उक्त संवेदनशील स्थान पर लोनिवि ने करीब 11 लाख की लागत से 9 मीटर फोल्डिंग ब्रिज का निर्माण कार्य शुरू कर दिया है। यमुना नदी का जल स्तर बढ़ने पर ब्रिज को फोल्ड भी किया जा सकता है।
