उत्तरकाशी।
गंगोत्री हिमालय क्षेत्र के रक्तवर्ण ग्लेशियर क्षेत्र में नए पादपों व औषधीय पादपों की खोज के लिए निम, आईएमएफ व पतंजलि आयुर्वेद का संयुक्त दल अभियान चलाने जा रहा है। अभियान की शुरुआत 14 सितंबर को गंगोत्री से होगी। सीएम पुष्कर सिंह धामी दल के सदस्यों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

आज नेहरु पर्वतारोहण संस्थान में पतंजलि विवि के कुलपति आचार्य बालकृष्ण व प्रधानाचार्य कर्नल अमित बिष्ट ने पत्रकारों से वार्ता कर अभियान की जानकारी दी। आचार्य बालकृष्ण ने कहा कि उत्तराखंड ऋषि मनि और देवताओं की भूमि है। यहां देवत्व की रक्षा करना हमारा कर्तव्य है। हमारी संस्कृति प्रकृति निर्भर है। संस्कृति व प्रकृति के संरक्षण के लिए पतंजलि प्रयासरत है। बालकृष्ण ने कहा कि पतंजलि निम व भारतीय पर्वतारोहण संस्थान के साथ मिलकर गंगोत्री के रक्तवर्ण ग्लेशियर क्षेत्र में एक अभियान चला रहा है। जिसमें इस क्षेत्र में नए पादपों की खोज के साथ ही नए औषधीय पादपों व साहसिक खेलों के लिए नए स्थल भी खोजे जाएंगे।

अभियान के दौरान क्षेत्र के अनाम व अनारोहित पर्वत श्रृंखलाओं का रोहण भी किया जाएगा। आचार्य बालकृष्ण ने बताया कि क्षेत्र से एकत्र किए गए पादपों का डाटा तैयार किया जाएगा। अभियान दल में आचार्य बालकृष्ण व कर्नल बिष्ट सहित 10 सदस्य शामिल हैं। आचार्य बालकृष्ण ने बताया कि भोजवासा से आगे उनके साथ डा. राजेश मिश्रा, डा. भाष्कर जोशी, कर्नल अमित बिष्ट जाएंगे। कर्नल अमित बिष्ट ने बताया कि अभियान के लिए वन विभाग से अनुमति लेने के साथ ही अन्य औपचारिकताएं भी पूरी कर ली गई हैं।