उत्तरकाशी।
गंगोत्री हाईवे स्थान हेल्गू गाड के पास छोटे-बड़े वाहनों के लिए खुलने के बाद तीर्थयात्रियों के साथ ही स्थानीय लोगों ने बड़ी राहत ली है। बीते दो दिन से हेल्गूगाड़ में भूस्खलन के चलते बंद गंगोत्री हाईवे आज शुक्रवार को बीआरओ ने आवाजाही के लिए खोल दिया है। इस दौरान सबसे पहले गंगोत्री धाम की ओर फंसे छोटे वाहनों को निकाला गया। बाद में बड़े वाहनों की सुरक्षित आवाजाही कराई गई। हालांकि रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी रहने से हाईवे पर भूस्खलन का खतरा बना हुआ है।

बीते बुधवार शाम को हेल्गूगाड़ में भारी भूस्खलन के चलते गंगोत्री हाईवे पर आवाजाही बंद हो गई थी। जिसके चलते गंगोत्री धाम की ओर जगह-जगह करीब तीन हजार यात्री फंस गए थे। रुक-रुककर मलबा व बोल्डर गिरने से यहां हाईवे खोलने की स्थिति नहीं बन पा रही थी। शुक्रवार सुबह बारिश थमने के बाद यहां बीआरओ की टीम ने हाईवे पर आए मलबे और बोल्डर को हटाया। जिसके बाद सबसे पहले छोटे वाहनों को निकाला गया। इसके बाद बड़े वाहनों की भी सुरक्षित आवाजाही कराई गई। डीएम अभिषेक रूहेला व एसपी अर्पण यदुवंशी ने भी भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र का भ्रमण किया। डीएम ने वाहनों की सुरक्षा के लिए भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए। इस मौके पर एसडीएम भटवाड़ी सीएस चौहान, कमांडर बीआरओ राजेश राय आदि मौजूद रहे। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल ने बताया कि वाहनों पर फंंसे सभी वाहनों को निकाल दिया गया है। उत्तरकाशी से भी गंगोत्री धाम के लिए वाहन रवाना हुए हैं।