उत्तरकाशी।
चारधाम यात्रा को लेकर हाईकोर्ट से रोक हटाने के बाद शनिवार को चारधाम यात्रा का विधिवत शुभारंभ हो गया है। यमुनोत्री और गंगोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खुल गए हैं। कोरोना काल के कारण गंगोत्री व यमुनोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए बन्द किये गए थे। जबकि माँ गंगा व यमुना की पूजा आराधना नियमित रुप से चल रही थी।
डीएम मयूर दीक्षित व एसपी मणिकांत मिश्रा ने शनिवार को यमुनोत्री धाम का भ्रमण कर यात्रा व्यवस्थाओं का जायजा लिया है। हाईकोर्ट के आदेशों व राज्य सरकार द्वारा जारी चारधाम यात्रा की एसओपी का अनुपालन सुनिश्चित कराने को लेकर डीएम ने शनिवार को यमुनोत्री धाम का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने यात्रा पड़ावों पर आधारभूत सुविधाएं चाक चौबंद पायी। कोविड गाइड लाइन को लेकर यात्रा मार्गों व मंदिर परिसर में जागरूकता फ्लेक्सी, बैनर साइन बोर्ड, सोशल डिस्टेंस को लेकर पुख्ता व्यवस्था भी दिखाई दी।
इसके अतिरिक्त धाम परिसर में पर्याप्त पुलिस जवान की भी तैनाती की गई । डीएम मयूर दीक्षित ने कहा कि जनपद के दोनों धाम में बाहरी राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं का ऑनलाइन पास होना अनिवार्य है। जिन श्रद्धालुओं की कोरोना जांच नहीं हुई है, उनकी जांच जनपद की सीमा पर लगी चेक पोस्ट पर स्वास्थ्य टीम द्वारा की जा रही है। एसपी मणिकांत मिश्रा ने पुलिस जवानों को कोविड प्रोटोकॉल व राज्य सरकार द्वारा जारी एसओपी का शतप्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिये है। कहा कि दोनों धाम में सुरक्षा व्यवस्था को मध्य नजर रखते हुए पुलिस जवानों की अतिरिक्त तैनाती भी की गई है।
पहले दिन 328 तीर्थयात्री पहुँचे यमुनोत्री व गंगोत्री धाम
उत्तरकाशी।
गंगोत्री और यमुनोत्री धाम की यात्रा शुरू होने से यात्रा पड़ावों पर एक फिर से रौनक लौट आई है। यात्रा शुरू होने के पहले दिन यमुनोत्री धाम में 152 तीर्थयात्रियों माँ यमुना के दर्शन किये। जबकि गंगोत्री धाम में 176 तीर्थयात्रियों ने मा गंगा के दर्शन किये।