उत्तरकाशी।
यदि आपका बच्चा खेलों के प्रति रुचि रखता है तो हर माह 1500 की छात्रवृत्ति मिलेगी। इसके लिए जनपद में खेल विभाग स्कूल स्तर पर 300 बच्चों का चयन करेगा। जिसमें 8 से 14 आयु वर्ग के 150 बालक व 150 बालिकाएं होंगी। चयनित बच्चे को हर साल चयन प्रक्रिया से गुजरना होगा।

बच्चों की शारीरिक क्षमता बढाने व खेलों को बढ़ावा देने के लिए राज्य में उदयीमान खिलाड़ी उन्नयन योजना शुरु होने जा रही है। जिसके तहत खेलों में रुचि रखने वाले 8 से 14 आयु वर्ग के बच्चों को प्रति माह 1500 की धनराशि छात्रवृत्ति के रूप में दी जानी है। प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी निधि बिंजोला ने बताया कि प्रथम चरण में चयन स्कूल स्तर पर होगा, स्कूल से चयनित बच्चों को न्याय पंचायत स्तर व ब्लाक स्तर पर चयन प्रक्रिया से गुजरना होगा। अंत में जनपद स्तर पर चयन प्रक्रिया होगी। जनपद की मैरिट के आधार पर 150 बालक व 150 बालिकाओं का चयन किया जाएगा। किसी भी प्रकार के विवाद के लिए पर्यवेक्षण समिति का गठन किया गया है। जिसमें जिला अधिकारी अध्यक्ष व जिला क्रीड़ा अधिकारी सदस्य सचिव हैं। इसके अलावा सीडीओ, मुख्य शिक्षा अधिकारी व मुख्य चिकित्साधिकारी सदस्य हैं। बिंजोला ने बताया कि जल्द ही चयन प्रक्रिया की औपचारिकताएं शुरु कर दी जाएगी।
खेल विभाग ये रखेगा चयन के मानक
छात्रवृति के लिए चयन 6 बिंदुओं के तहत बच्चे का चयन किया जाएगा। जिसमें बच्चे की शारीरिक क्षमता, लचीलापन, समन्यव, सहनशीलता, गति व खेलों के प्रति अभिरुचि को परखा जाएगा। बच्चे के इन गुणों के आधार पर एक वर्ष के लिए छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी। 14 वर्ष तक बच्चे को हर साल इस प्रक्रिया से गुजरना होगा।